Government Hospital Betul: (बैतूल)। जिला चिकित्सालय में अव्यवस्थाओंं का आलम दूर नहीं हो रहा है। हमेशा ही जिला अस्पताल में कुछ न कुछ कमियां सामने आते रहती है। जिला अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं में लापरवाही बरती जा रही है। इलाजरत मरीजों को मिलने वाला भोजन के लिए मरीजों को लंबी कतार में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि मरीजों को भोजन वार्ड में उपलब्ध होना चाहिए। मरीजों को भोजन आपूर्ति करने वाले ठेकेदार द्वारा अस्पताल परिसर के बरांदे में ही भोजन की ट्राली लेकर खड़ा हो जाता है और इसके बाद वहीं से मरीजों को भोजन वितरित किया जाता है। जिन मरीजों के पास में अटेंडर नहीं रहते उन्हें उन्हें भोजन लाने म ेंपरेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो मरीज भोजन नहीं ले पाते और भूखे रहने तक की नौबत आती है।
नियम के मुताबिक मरीजों को वार्ड में भोजन वितरित करना चाहिए, लेकिन अस्पताल में लापरवाही यह सामने आ रही है कि नियमों का पालन नहीं हो रहा है। ठेकेदार द्वारा अपने मनमर्जी से कार्य कर मनमानी दिखाई दे रही है। अस्पताल प्रबंधन भी इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है। कारण यह है कि मरीजों को परेशान होना पड़ता है।
मरीजों को बाहर बुलाकर वितरित कर रहे भोजन (Government Hospital Betul)
जिला अस्पताल में जब भी भोजन वितरण का समय होता है, उस समय भोजन ट्राली को बरांदे में खड़ा कर दिया जाता है। भोजन वितरित करने वाले कर्मचारी वार्डो में पहुंचते और भोजन के लिए आवाज लगाते है। जिन मरीजों की हालत ठीक है और चल फिर सकते है और जिनके पास अटेंडर है वह भोजन लेने पहुंच जाते है। जिन मरीजों से पलंग से उठना, बैठना नहीं होता उन मरीजों के लिए भोजन लेने आना मुश्किल हो जाता है। ऐसे मरीजों को उनके पलंग तक भोजन पहुंचाना है, लेकिन अस्पताल में ऐसा नहीं हो रहा है। कई बार इमरजेंसी में मरीज अस्पताल पहुंचता है और भोजन लेने के लिए बर्तन नहीं होने पर उसे भोजन नहीं मिल पाता है। ऐसे मरीजों को भी भोजन उपलब्ध कराना अनिवार्य हो जाता है।
मरीजों की पहचान करना हो जाता मुश्किल
कतार में भोजन वितरण करने के समय यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि वास्तविक मरीजों को ही भोजन मिल रहा है या नहीं। क्योंकि कतार में भोजन वितरण से यह स्पष्ट नहीं हो पाता कि पात्र व्यक्ति को ही भोजन मिल रहा है या नहीं कि अन्य लोग भी भोजन का फायदा ले रहे है। अस्पताल में केवल मरीजों के लिए भोजन बनाया जाता है। भोजन वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। अस्पताल प्रबंधन भी इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है। कतार में भोजन वितरण की व्यवस्था कई वर्षो से चल रही है। जबकि मरीजों को वार्ड तक मरीजों को भोजन पहुंचाना होता है। व्यवस्था के संबंध में अधिक जानकारी के लिए सिविल सर्जन डॉ अशोक बारंगा के उनके मोबाईल नं 9425002915 पर संपर्क किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।