
सारनी। शहर के बगडोना में दिल दहला देने वाली वारदात से सनसनी मच गई है। यहां संचालित मिलन ढाबे में मालिक का शव मिलने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शव शैलेश साकरे का है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या है। हालांकि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसीलिए पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि ढाबे का संचालन बीते कुछ दिनों से समीर मसीद द्वारा किया जा रहा है। जबकि ढाबे का वास्तविक संचालक शैलेश साकरे था। बताया जा रहा है कि कर्ज बढ़ने की वजह से शैलेश ढाबे का संचालन नहीं करके किराए पर चलवा रहा था।

बुधवार सुबह करीब 8.50 बजे मिलन ढाबे के एक कमरे से धुंआ उठता दिखाई दिया। इसके बाद मौजूदा ढाबा संचालक समीर समेत अन्य लोग पहुँचे। वहीं दमकल टीम भी पहुँची। हालांकि पहले ही आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक शैलेश की जलकर मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुँची और शव का पंचनामा बनाकर मामले में मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मौके एसडीओपी रोशन कुमार जैन सारणी और पाथाखेड़ा पुलिस बल पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच करने में जुट गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिसे गंभीरता से लेकर पुलिस द्वारा ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।