Betul Sanjeevani Hospital: (बैतूल)। सायबर ठगी के अलग-अलग मामले जिले में सामने आ रहे है। अब तक फेसबुक क्लोनिंग, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम ठगी एवं अकाउंट हैक कर खाते से पैसे निकालने के प्रकरण सामने आते रहे है। इसके अलावा फेसबुक पर किसी को बीमार बताकर मोबाईल नंबर पर फोन पे या गूगल पे करने संबंधित मैसेज भी किए जाते रहे है लेकिन अब सायबर ठगों के हौसले इतने बुलंद है कि अस्पताल में डॉक्टरों का अपाइंमेंट दिलाने के लिए भी वेबसाईट के माध्यम से ठगी की जा रही है। ताजा मामला जिले के प्रतिष्ठित संजीवनी अस्पताल का है। अस्पताल के डॉक्टर के अपाईमेंट के लिए एक वेबसाईट की यूआरएल लिंक भेजी जा रही है और दस रुपए ऑनलाईन पेमेंट करने के लिए कहा जा रहा है। जानकारी मिलते ही अस्पताल संंचालक एवं आमला क्षेत्र के विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट किया है कि अस्पताल में इस तरह का कोई ऑनलाईन पेमेंट नहीं लिया जा रहा है।
संजीवनी अस्पताल में रिसेप्शन काउंटर पर ही अपॉईंटमेंट (Betul Sanjeevani Hospital)
संजीवनी अस्पताल के संचालक डॉ योगेश पंडाग्रे ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अलर्ट किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में उल्लेख किया है कि- पिछले दिनों लोगों को संजीवनी हॉस्पिटल बैतूल में डॉक्टर के अपॉइंटमेंट हेतु एक वेबसाइट के यूआरएल की लिंक भेजकर 10 रुपए ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा जा रहा है। संजीवनी हॉस्पिटल में मरीजों के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट नहीं लिए जाते हैं और न ही ऑनलाइन रिक्वेस्ट के द्वारा राशि ली जाती है। इस प्रकार की वेबसाइट लिंक को क्लिक करने पर आप ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। संजीवनी हॉस्पिटल में अपॉइंटमेंट रिसेप्शन काउंटर से और फोन नंबर 07141—796120 पर बात कर लिए जा सकते हैं।
ठगी के नए तरीके (Betul Sanjeevani Hospital)
सायबर क्राईम लगातार बढ़ रहा है। लोगों से ऑनलाईन ठगी के लिए अक्सर सायबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाते है। जिले में इस तरह का पहला मामला है जब वेबसाईट के माध्यम से यूआरएल लिंक भेजी जा रही है। पुलिस द्वारा भी सायबर अपराधों के प्रति सजग करने जागरुकता अभियान चलाएं जाते है, बावजूद इसके जरा सी लापरवाही या अनदेखी के कारण लोग ठगी का शिकार हो जाते है।