Betul Samachar: (बैतूल)। भाजपा नगर मंडल कोठीबाजार के अध्यक्ष विक्रम वैद्य के लगातार अस्वस्थ रहने के कारण मोतीवार्ड के पूर्व पार्षद कैलाश (बंडू) धोटे को अस्थाई अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। धोटे की नियुक्ति को लेकर हालांकि भाजपा ने किसी तरह की घोषणा नहीं की है, लेकिन जिला भाजपा कार्यालय से आने वाले प्रेस नोट में कैलाश धोटे को विक्रम वैद्य के साथ कोठीबाजार मंडल का अध्यक्ष बताया जा रहा है। लिहाजा उन्हें बीमार चल रहे विक्रम की जगह जिला मुख्यालय के कोठीबाजार मंडल की जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा है।
सूत्र बताते है कि पिछले 4-5 माह से कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष लगातार अस्वस्थ चल रहे है
वे पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हो पा रहे है। चूकि कोठीबाजार मंडल जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण मंडल माना जाता है। विक्रम के अस्वस्थ रहने से मंडल में कई तरह की दिक्कते आने के बाद मोतीवार्ड के पूर्व पार्षद कैलाश धोटे को कार्यवाहक मंडल अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि विक्रम वैद्य को पार्टी ने पद से नहीं हटाया है, लेकिन उनके साथ कैलाश को भी संयुक्त रूप से दायित्व सौंप दिया गया है। यदि विक्रम स्वस्थ्य होकर लौट जाता है तो कैलाश से कार्यभार लिया जा सकता है।
हेमंत-बबला के सबसे विश्वासपात्र
सूत्र बताते है कि कैलाश धोटे पूर्व में भी मंडल अध्यक्ष के सशक्त दावेदार थे, लेकिन पार्षद होने के कारण उनका दावा कमजोर साबित हो गया। विक्रम वैद्य को कोठीबाजार और विकास मिश्रा को गंज मंडल अध्यक्ष की कमान सौंपी गई थी। बीते दिनों बंडू की पत्नी का नगर पालिका अध्यक्ष के लिए नाम सबसे अधिक चर्चा में था, किंतु सीनियर पार्षद पार्वती बाई बारस्कर को भाजपा ने दोबारा अध्यक्ष बनाया। इसके बाद से ही कैलाश को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की चर्चा चल रही थी। इस बीच कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैद्य के लगातार अस्वस्थ्य होने के कारण कैलाश को कोठीबाजार का कार्यवाहक मंडल अध्यक्ष बनाया है। बंडू पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष के बेहद करीबी बताए जाते है।