Betul News: (बैतूल)। शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है कि बीते वर्षों की तरह इस बार गर्मी में पानी के लिए जरा भी परेशान नहीं होना पड़ेगा। दरअसल गत वर्ष बारिश से शहर में पानी की सप्लाई करने वाले डैम और नदी को लबालब कर दिया। ताप्ती बैराज में अभी इतना पानी है कि जून तक कोई दिक्कत नहीं आएगी। इसके अलावा माचना में एनीकट में जहां सात फीट से अधिक पानी है तो लाखापुर डैम में वेस्टवेयर से ऊपर तक पानी बह रहा है, वहीं गूंगडोह में भी इतना पानी है कि शहर के लोगों को कतई दिक्कत नहीं होगी। इसके बाद नगरपालिका नियमित रूप से एक दिन के अंतराल में ही शहर के लोगों को पूरी गर्मी में पानी आसानी से उपलब्ध कराएगी।
पिछले दो वर्ष को छोड़ दे तो शहर के लोगों को जिस तरह गर्मी में पानी के लिए त्राहि-त्राहि करना पड़ा। नगरपालिका ने स्थिति बिगड़ते देख टैंकरों से सप्लाई कर कई वार्डों के लोगों को पानी आपूर्ति कराई। स्थिति यह थी कि पानी के लिए शहर के लोगों को रतजगा करना पड़ा और तो और शहर के 33 में से अधिकांश वार्डों में विवाद की स्थिति तक निर्मित हुई। हालांकि गत वर्ष बारिश ने जिस तरह नदी और डैमों के पेट भरे, इससे पानी की किल्लत इस बार पूरी तरह से खत्म हो गई है। नगरपालिका को जून तक कहीं भी शहर के लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होने देना पड़ेगा। भले ही तेज गर्मी पड़े या ट्यूबवेल भी सूख जाए तो भी इस बार स्थिति बीते वर्षों की तरह नहीं रहेगी।
ऐसे हैं जलस्त्रोतों के हालात
नगरपालिका की जल शाखा की माने तो इस बार शहर के 33 वार्डों में टंकियों से पानी की सप्लाई सतत रूप से जारी रहेगा। एक दिन के अंतराल में नियमित रूप से पानी दिया जाना सुनिश्चित किया गया है। जल शाखा के अधिकारियों के मुताबिक ताप्ती बैराज में इस समय चार मीटर पानी शेष है। यह पानी चार माह तक शहर के लोगों की प्यास बूझा सकता है। यदि माचना एनीकट की बात करें तो यहां डैम में अभी फिलहाल की स्थिति में केवल तीन फीट पानी खाली हुआ है, यानी शेष हिस्सा पानी से पूरा लबालब है। जरूरत पडऩे पर यदि लाखापुर डैम से पानी लिया जाता है तो वर्तमान में यहां वेस्टवेयर से पानी ओवरफ्लो हो रहा है। रही बात गंगू डोह की तो यह भी आपूर्ति के लिए तैयार है। जलशाखा के मुताबिक गंगूडोह से एक माह का पानी जलआपूर्ति के लिया जा सकता है।
गर्मी के पहले स्थिति पर निगरानी
नगरपालिका की जलशाखा द्वारा गर्मी के लिए रूपरेखा तैयार कर सतत निगरानी की जा रही है। जलस्त्रोतों से पानी की चोरी न हो इसके लिए न सिर्फ निरीक्षण किया जा रहा है बल्कि आसपास के किसानों को चेताया भी जा रहा है ताकि परिस्थिति न बिगड़े। बीते वर्षों की स्थिति से सबक लेकर नगरपालिका ने इस बार शहर के लोगों को एक दिन के अंतराल में पानी आपूर्ति के लिए डैमेज पाइप लाइनों की भी मरम्मत शुरू की है। यह काम इस माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। मार्च से गर्मी पडऩा शुरू हो तो भी शहर के लोगों को सतत पानी सप्लाई करने का लक्ष्य टंकियों के माध्यम से निर्धारित किया गया है।
इनका कहना….
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए नगरपालिका ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार हालात नियंत्रण में है। पर्याप्त पानी का स्टॉक है, इसलिए शहर के लोगों को एक दिन के अंतराल में पूरी गर्मी भर पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
ब्रजेश खानूरकर, उपयंत्री जलशाखा नपा बैतूल।