Betul News: (बैतूल)। वित्तीय वर्ष 2022-23 की समाप्ति को महज एक पखवाड़ा शेष बचा है। इस अवधि में नगरीय निकाय एवं आवास विभाग ने समस्त नगरपालिका, नगर परिषदों को राजस्व वसूली अधिक से अधिक करने के निर्देश जारी किए है। जिला मुख्यालय की नगरपालिका में भी इस वसूली की रफ्तार ने पिछले दो माह से जिस तरह गति पकड़ी है, इसका पूरा श्रेय सीएमओ अक्षत बुंदेला को जाता है। जिनके नेतृत्व में राजस्व विभाग ने महज 20 दिन में 80 लाख रूपये की रिकार्ड वसूली कर 1 लाख की आबादी वाले शहरों में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। वसूली की रफ्तार की उत्साह से लबरेज राजस्व अमले ने शेष बचे एक पखवाड़े में करीब डेढ़ करोड़ वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पिछले कुछ वर्षो से नगरपालिका की राजस्व वसूली पिछड़ी हुई है। वर्ष 2020 और 21 में कोरोना के कारण वसूली की रफ्तार पर ब्रेक सा लग गया था, लेकिन वर्ष 2022 में कोरोना की धंूध छटी तो भी वसूली उतनी संतोषजनक नहीं हो पाई थी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति के बाद समस्त निकायो को अधिक से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए भोपाल से लेकर नर्मदापुरम में कमिश्रर स्तर के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। इसी का परिणाम है कि बैतूल नगरपालिका के युवा और तेज तर्रार सीएमओ अक्षत बुंदेला ने राजस्व अमले पर नकेल कसते हुए वसूली की रफ्तार के लिए गाईड लाईन तय कर दी। उसी के फलस्वरूप लक्ष्य की पूर्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी है।
जितनी वसूली, उतना वेतन का प्रयास रंग लाया
करीब तीन माह पहले राजस्व अमले की बैठक लेकर सीएमओ अक्षत बुंदेला ने 50 प्रतिशत वसूली पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने राजस्व वसूली की रफ्तार धीमी होने पर पूर्व में भी नोटिस जारी कर राजस्व निरीक्षकों ,उपनिरीक्षकों और सहायक उपनिरीक्षकों को चेतावनी दी, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद बैठक लेकर नए निर्देश दिए थे कि राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षकों को जितनी वसूली, उतना वेतन दिया जाएगा। इसका तीखा असर यह हुआ कि महज ढाई माह में नगरपालिका बैतूल ने वसूली में पूरे प्रदेश में अपना डंका बजा दिया। सीएमओ के विशेष प्रयासों से इस बार 90 प्रतिशत से अधिक वसूली का आंकड़ा पहुंचने से इंकार नहीं किया जा सकता।
20 दिन में रिकार्ड 80 लाख की वसूली
चौंकाने वाली बात यह है कि एक लाख से अधिक आबादी वाली नगरपालिका में खरगोन के बाद बैतूल नगरपालिका ने 508.53 वसूली कर ली है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 20 दिनों में 18.59 अधिक वसूली हुई है। इस वसूली में नगरपालिका प्रदेश में खरगोन के बाद दूसरे स्थान पर है। 20 दिन में ही 80 लाख रूपये की वसूली बैतूल नगरपालिका ने की है। अब तक 5 करोड़ से अधिक का राजस्व बैतूल नगरपालिका को मिल चुका है। आगामी 15 दिनों में 1.50 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग की समीक्षा वीडियो कान्फ्रेसिंग में भी बैतूल नगरपालिका पिछले दो माह से दूसरे स्थान पर रहने पर शाबाशी मिल रही है। यह काम सीएमओ के साथ नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर और राजस्व निरीक्षक ब्र्रजगोपाल परते के नेतृत्व में किया जा रहा है।