Betul News: (बैतूल/ सारणी)। सारनी थाना क्षेत्र के पाथाखेड़ा में मामूली विवाद को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। बीच बचाव करने गई गर्भवती महिला को धक्का दे दिया। महिला नीचे गिर गई, चोट आने पर जिला अस्पताल भर्ती किया था। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में एक युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। सारनी थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि पाथाखेड़ा अंबेडकर वार्ड निवासी प्रदीप पिता हुकुमचंद वर्मा (24) निवासी का राकेश पिता राजू पुर्वे के साथ 1 मार्च को विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि राकेश ने बांस की लकड़ी तोडक़र प्रदीप को मारना शुरू कर दिया।
प्रदीप के साथ मारपीट होते देख बहन रोशनी बचाव करने गई, जिसे राकेश ने धक्का देकर गिरा दिया। नीचे गिरने से रोशनी को गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भर्ती किया। हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती किया। गुरूवार को महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक रोशनी को चार माह का गर्भ था, आरोपी राकेश ने धक्का देकर गिरा दिया जिससे गर्भ में अंदरूनी चोट आई जिसके कारण महिला की होने की जानकारी सामने आई है। थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि आरोपी राकेश पिता राजू पुर्वे के खिलाफ धारा 323, 304 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
मृतिका का शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय में तीन डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है जिसमें डॉ रानू वर्मा, डॉ संजय रानी और डॉ ईशा डेनियल शामिल थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह जानकारी सामने आएगी की महिला की मौत किस कारण से हुई है। शार्ट पीएम रिपोर्ट में अंदरूनी चोट लगने के कारण महिला की मौत होना बताया जा रहा है। हालांकि मुख्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिलेगी।
- Also Read : Funny Jokes in Hindi : टीचर ने स्टूडेंट से किया ऐसा प्रश्न, जिसका उत्तर सुनकर टीचर अभी तक बेहोश
ग्वालियर से मायके आई थी महिला
पुलिस के मुताबिक मृतिका महिला ग्वालियर जिले के ग्राम बिजौली निवासी है। कुछ दिनों से महिला अपने मायके पाथाखेड़ा आई थी। 1 मार्च को भाई प्रदीप के साथ वार्ड के ही राकेश पुर्वे से विवाद हो गया। विवाद में महिला को बीच बचाव करने जाना महंगा पड़ गया। बचाव करने गई महिला को राकेश पुर्वे ने धक्का देकर गिरा दिया, महिला की चोट आने से मौत हो गई। मृतिका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।