Betul Murder: (बैतूल)। गंज थाना क्षेत्र भग्गूढाना स्थित कृष्णा मिल के संचालक दिनेश अग्रवाल की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मिल में काम करने वाला पूर्व कर्मचारी ही निकला है। हत्यारे की उम्र महज 18 वर्ष का 12 वीं कक्षा का नियमित विद्यार्थी है और उसकी परीक्षाएं भी चल रही है। आरोपी द्वारा तेल लेने के बहाने संचालक को बीच रास्ते से वापस मिल बुलाया और हमला कर दिया था। हमले के बाद नागपुर के निजी अस्पताल में भर्ती श्री अग्रवाल ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में पत्रकारवार्ता बुलाकर मामले का खुलसा भी कर दिया।
कंट्रोल रूम में शनिवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में इस मामले का खुलासा किया। पत्रकारवार्ता में एसपी सिमाला प्रसाद, एसडीओपी सृष्टि भार्गव, गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले प्रमुख रूप से उपस्थित थे। घटना का खुलासा करते हुए एसपी ने बताया कि 27 फरवरी को भग्गूढाना स्थित कृष्णा आईल मिल के संचालक दिनेश अग्रवाल पर अज्ञात ने हमला कर दिया था। जिन्हें गंभीर चोट आने पर बैतूल के एक निजी अस्पताल भर्ती किया गया था, हालत गंभीर होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया था, इलाज के दौरान श्री अग्रवाल की मौत हो गई। मिल संचालक पर हमला करने वाले आरोपी ग्रीन सिटी निवासी मयूर पिता अर्जुन झरबड़े (18) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय पेश किया जाएगा।
फूटेज के आधार पर पकड़ाया आरोपी
एएसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फूटेज खंगाले है एक युवक श्री अग्रवाल की स्कूटी का पीछा करते हुए दिख रहा है। फूटेज के आधार पर संदिग्ध मयूर झरबड़े को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मिल संचालक पर हमला करने का जुर्म कबूल किया है। पुलिस ने घटना स्थल से लोहे की राड और हथोड़ा बरामद किया जिस पर आरोपी के फिंगर प्रिंट भी मैच हो रहे है। फिंगर पिं्रट और सीसीटीवी फूटेज सहित अन्य पुख्ता जानकारी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पूर्व घटना को लिया बदला
पुलिस की पूछताछ के दौरान आरोपी ने उसके साथ घटित पूर्व घटना का बदला लिए जाने की बात कही है। आरोपी ने बताया कि घटना के पूर्व मिल संचालक की स्कूटी और उसकी साईकिल की टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद साईकिल खराब हो गई। साईकिल सुधारने के लिए कहा तो मिल संचालक ने गाली गलौच की, घटना से आरोपी गहरा आहत था, उसने इसी घटना का बदला लेने के लिए मिल संचालक पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक मिल संचालक 27 फरवरी की शाम को मिल बंद कर घर जा रहा था। तभी आरोपी ने मिल संचालक को फोन किया कि उसे तेल चाहिए संचालक वापस मिल पहुंचा। संचालक जैसे ही मिल के भीतर प्रवेश किया वैसे ही आरोपी मयूर ने हथोड़े और लोहे के पाईप से सिर पर वार कर दिया। आरोपी मिल का शटर बंद कर घटना स्थल से भाग गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले 307 के तहत मामला दर्ज किया। श्री अग्रवाल की नागपुर अस्पताल में मौत हो जाने के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 302 बढ़ाई गई।
कक्षा 12 वीं का छात्र है आरोपी
पुलिस के मुताबिक मिल संचालक की हत्या करने वाला आरोपी मयूर झरबड़े कक्षा 12 वीं का छात्र है। आरोपी को गिरफ्तार किया। शनिवार को आरोपी का पेपर होने पर उसे कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केन्द्र लेकर गए। पूरी परीक्षा समय तक पुलिस की निगरानी में आरोपी ने परीक्षा दी। परीक्षा के बाद पुलिस आरोपी को थाने लेकर आई। शाम को आरोपी को न्यायालय पेश किया जाएगा। हत्या की घटना को खुलासा करने में गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले, रवि शाक्य, आदित्य करदाते, छत्रपाल धुर्वे, रामस्वरूप रघुवंशी, मयूर, नितिन, सचिन, कमलेश, गजानन, सैनिक अमित, सायबर सेल प्रभारी राजेन्द्र राजवंशी, राजेन्द्र धाड़से, एफएसएल प्रभारी आबिद अंसारी, विजय चौहान, डाग मास्टर विजय गाडग़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।