Betul Accident News: शाहपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुर मुख्यालय के माचना नदी पर आज सुबह करीब 7 बजे एक हार्वेस्टर पलट जाने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई, वही 3 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में भर्ती किया गया है, यहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल से बैतूल की ओर जा रहा हार्वेस्टर क्रमांक पीबी- 29बी- 4561 माचना नदी पर पातौवापुरा घाट की ओर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हार्वेस्टर इतनी बुरी तरीके से पलटा था कि चारों लोग उसी में नीचे दबे रहे, जिसमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। वहीं तीन लोग हार्वेस्टर में करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। पास में ही नदी के पुल का निर्माण कार्य कर रहे पोकलेन को तत्काल घटनास्थल पर लाया गया तथा पोकलेन एवं स्थानीय नागरिकों की मदद से मृतक व्यक्ति का शव एवं तीन अन्य लोगों को निकाला गया। घटना की जानकारी लगते ही शाहपुर एसडीएम अनिल सोनी, एसडीओपी एचएल शर्मा एवं शाहपुर थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक व्यक्ति पंजाब का बताया जा रहा है, जबकि घायल में एक व्यक्ति पंजाब का और 2 अन्य मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र जैत के बताए जा रहे हैं।